व्यापार मेला प्राधिकरण के संचालक मंडल की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
ग्वालियर मेला परिसर में लगेगा श्रावण मेला
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा इस वर्ष श्रावण मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला 20 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक निर्धारित किया गया है। ग्वालियर व्यापार मेले के संचालक मंडल की 50वीं बैठक शुक्रवार को मेला प्राधिकरण में आयोजित हुई।
प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन की अध्यक्षता में आयोजित हुई इस बैठक में मेले के विकास के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। ग्वालियर मेला प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित बैठक में उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर, कलेक्टर रुचिका चौहान, मेला सचिव सुनील त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
संचालक मंडल की बैठक में मेला परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से राजमाता उद्यान से संस्कृति गार्डन तथा एमआईटीएस वाली रोड तक बाउण्ड्रीवॉल का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया है। इसके साथ ही गोदाम बस्ती के पास वाली भूमि का कॉमर्शियल उपयोग करने के लिये प्रस्ताव तैयार करने एवं एलओआई जारी कर आगामी बैठक में विषय रखने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही मेला आयोजन के दौरान प्रशासनिक भवन तैयार करने का निर्णय भी लिया गया है। मेले के दौरान महिलाओं के लिये पृथक से शौचालय निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही मेला परिसर में 196 नवीन दुकानों के निर्माण कराने के निर्णय का भी अनुमोदन किया गया है।
मेला परिसर में स्थित एक्सपोर्ट फैसिलिटेशन सेंटर की मरम्मत एवं संधारण का कार्य कराने का भी निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही मेला परिसर में सुबह एवं शाम घूमने आने वाले लोगों के लिये वॉकिंग ट्रैक निर्माण कराने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिये प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बैठक में पर्यावरण को दृष्टिगत रखते हुए मेला परिसर में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कराने का प्रस्ताव रखा। कलेक्टर रुचिका चौहान ने वृहद वृक्षारोपण हेतु प्रस्ताव तैयार करने की बात कही। मेला परिसर में सौर ऊर्जा विकास के माध्यम से सोलर प्लांट लगाने का निर्णय भी लिया गया।
मेला आयोजन के संबंध में सुझाव लिए
ग्वालियर मेला प्रांगण में व्यापारिक संघ के साथ चर्चा कर आगामी मेले को और व्यवस्थित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में व्यापारी संघ द्वारा मेला अवधि 2 माह रखने, मीना बाजार को व्यवस्थित बनाने, मेला परिसर में महिला शौचालय, मेला अवधि में पार्किंग व्यवस्था बेहतर बनाने, साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिये अपने अमूल्य सुझाव दिए गए। जिस पर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने अपनी सहमति प्रदान की एवं आगामी मेला को भव्य बनाने का आश्वासन दिया।
मेला व्यापारी संघ की ओर से महेन्द्र भदकारिया, बलवीर सिंह, महेश मुदगल, अनिल पुलियानी, उमेश उप्पल, अनुज गुर्जर, जगदीश उपाध्याय एवं पं. विजय कब्जू उपस्थित थे।
-
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुधा जायसवाल ने मास कम्युनिकेशन एवं पत्रकारिता (MJMC) में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की है और पत्रकारिता क्षेत्र में 12 वर्षों से सक्रिय हैं। वह अमर उजाला, स्वतंत्र भारत, जनसंदेश टाइम्स और तरुण मित्र जैसे संस्थानों में कार्य कर चुकी हैं। राजनीतिक, शिक्षा और नगर निगम सहित विभिन्न बीट्स पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाली सुधा वर्तमान में तरुण मित्र के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी हुई हैं।
