राजस्थान में मानसून सक्रिय, 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी
उत्तर-पूर्वी राजस्थान में अच्छी बारिश के आसार
जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भरतपुर, बीकानेर और जयपुर संभाग सहित प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बुधवार (5 अगस्त) के लिए 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं तथा पूर्वी राजस्थान में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। डीग जिले में भारी वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक 66 मिमी वर्षा डीग जिले के रारह क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
ये खबर भी पढ़े : 'वेस्ट टू आर्ट' थीम से सजेगा जयपुर, शहर के तीन प्रवेश मार्गों पर बनेंगे सांस्कृतिक स्वागत द्वारविभाग ने 7 और 8 अगस्त को कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा का भी पूर्वानुमान जारी किया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान हनुमानगढ़, भरतपुर, झुंझुनूं, करौली, अलवर, श्रीगंगानगर, सीकर तथा जयपुर के आसपास के क्षेत्रों में अच्छी वर्षा हुई। कई स्थानों पर दो इंच तक बारिश दर्ज की गई।
बारिश और तेज हवाओं के कारण उत्तर-पूर्वी राजस्थान में उमस और गर्मी से राहत मिली। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, दौसा, पिलानी और अलवर में अधिकतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।
वहीं पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान में वर्षा गतिविधियां कम रहने तथा मौसम साफ रहने से तापमान में बढ़ोतरी हुई। मंगलवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस डूंगरपुर में दर्ज किया गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
