दोस्त के घर जाने निकला युवक मिला मृत , परिजनों ने फायरमैन पर लगाया हत्या का आरोप
भरतपुर। शहर में झाड़ियों से मिले एक युवक के शव के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों ने एम्युनेशन डिपो में फायरमैन के पद पर तैनात उसके दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि युवक आखिरी बार अपने दोस्त के घर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। तीन दिन तक तलाश करने के बाद पता चला कि उसका शव अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है।
सेवर थाना पुलिस के अनुसार, दो जुलाई को विजय हॉस्पिटल के पास झाड़ियों में एक युवक का शव मिला था। शव की जीभ बाहर निकली हुई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
रविवार को शव की पहचान सुगम (22) निवासी भरतपुर के रूप में हुई। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के भाई केशव ने बताया कि सुगम भरतपुर में वैष्णव धर्मशाला में किराए का कमरा लेकर रहता था। वह पार्ट-टाइम ब्लिंकिट में काम करता था और साथ ही राजस्थान पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, एक जुलाई को सुगम ने अपनी बड़ी बहन भूपेश को फोन कर बताया था कि वह अपने दोस्त दिनेश गुर्जर के घर जा रहा है।
दिनेश एम्युनेशन डिपो में फायरमैन के पद पर तैनात है। सुगम ने यह भी बताया था कि अगले दिन उसे दिल्ली में एक निजी कंपनी के इंटरव्यू के लिए जाना है।
इसके बाद शाम करीब छह बजे जब बहन ने दोबारा फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिजनों ने तीन दिनों तक रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया।
बाद में पुलिस से जानकारी लेने पर पता चला कि एक अज्ञात युवक का शव आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है। अस्पताल पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान सुगम के रूप में की।
मृतक के भाई केशव ने आरोप लगाया कि सुगम की हत्या उसके दोस्त दिनेश गुर्जर ने की है। उनका कहना है कि शव दिनेश के सरकारी क्वार्टर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में मिला। उन्होंने दावा किया कि सुगम के सिर पर चोट के निशान थे तथा उसकी आंखें और गर्दन सूजी हुई थीं।
परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। घटना के बाद से आरोपी भी फरार बताया जा रहा है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने फायरमैन दिनेश गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी।
साथ ही आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
