पानी लेने निकले परिवार पर गिरा बिजली पोल, पिता-पुत्र की मौत
पाली। पाली जिले के पिलोवनी गांव में गुरुवार को कुएं से पानी लेने जा रहे एक परिवार पर उस समय आफत टूट पड़ी, जब खेत में लगा क्षतिग्रस्त बिजली का पोल अचानक गिर गया।
पोल के साथ बिजली के तार भी नीचे आ गिरे और उनकी चपेट में आने से पिता और 15 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां का हाथ बुरी तरह झुलस गया।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना खिंवाड़ा थाना क्षेत्र के पिलोवनी गांव में हुई।
थाना प्रभारी बलभद्र सिंह के अनुसार उदयपुर जिले के देवला गांव निवासी रामाराम गेमती (45) अपनी पत्नी सूनड़ी देवी (42) और बेटे सेणाराम (15) के साथ पिलोवनी गांव में रह रहा था।
रामाराम खेत में मजदूरी करने के साथ लकड़ी काटने का काम करता था। गुरुवार को रामाराम अपनी पत्नी और बेटे के साथ कुएं से पानी लेने जा रहा था।
तीनों खेत में लगे बिजली के पोल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक क्षतिग्रस्त पोल भरभराकर जमीन पर गिर गया। पोल के साथ बिजली के तार भी तीनों के ऊपर जा गिरे।
तारों में दौड़ रहे करंट की चपेट में आते ही रामाराम और सेणाराम बुरी तरह झुलस गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं सूनड़ी देवी भी करंट की चपेट में आ गई और उसका एक हाथ झुलस गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला को उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी है। पिलोवनी निवासी श्रवण ने आरोप लगाया कि खेत में लगा बिजली का पोल काफी समय से क्षतिग्रस्त था। ग्रामीणों की ओर से इसे बदलने के लिए डिस्कॉम को कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन पोल को नहीं बदला गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर पोल को बदल दिया जाता तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घायल सूनड़ी देवी का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
