पुणे-सातारा हाइवे पर भीषण हादसा, चार युवकों की दर्दनाक मौत
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
सातारा (महाराष्ट्र)। पुणे-सातारा हाइवे पर शिरवल के पास रात करीब 1 बजे एक तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर और फिर विपरीत दिशा की लेन में जाकर सामने से आ रहे आयशर ट्रक से जा टकराई।
इस हादसे में तलेगांव दाभाड़े और मावल क्षेत्र के 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में वेदांत वारिंगे, सोनलिंग ठाकुर, आदित्य गरुड़ और निखिल राउत शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार हुए युवक कार से पुणे से सातारा की ओर जा रहे थे। शिरवल स्थित होटल शिवालय के सामने रात करीब एक बजे कार के चालक का नियंत्रण अचानक खो गया।
कार पहले डिवाइडर से टकराई। इसके बाद डिवाइडर पार करते हुए कार विपरीत दिशा की लेन में चली गई और सामने से आ रहे आयशर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए उसके दरवाजों को काटना पड़ा। हादसे के बाद तेज आवाज सुनकर स्थानीय नागरिक घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हाइवे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया और हाइवे पर यातायात को सुचारू किया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
