मध्य प्रदेश: श्रद्धालुओं को कार ने मारी टक्कर, बच्ची समेत 7 घायल
-मंदसौर के सुपरा गांव में हादसा, 4 की हालत गंभीर
ग्रामीणों ने चालक को खंभे से बांधकर पीटा और कार में की तोड़फोड़
मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के सुपरा गांव में रविवार रात मंदिर के बाहर तेज रफ्तार कार ने प्रसादी लेकर निकल रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी।
हादसे में 6 महिलाएं और 13 साल की एक बच्ची घायल हो गई। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़कर खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। ग्रामीणों ने कार में भी तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया।
हादसा इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर के पास रविवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। बताया गया कि मंदिर में गणेश प्रतिमा स्थापना के बाद आरती और प्रसादी का कार्यक्रम चल रहा था।
कुछ लोग मंदिर परिसर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार काले रंग की कार आरजे 45 सीएस 0432 अचानक वहां पहुंची और बाहर निकल रही महिलाओं व बच्ची को चपेट में ले लिया।
7 घायलों में 4 गंभीर
हादसे में सन्ना बाई ओंठ (36), रुकमणी बाई ओंठ (37), दुर्गा ओंठ (13), लाली बाई ओंठ (55), गीताबाई मेघवाल (55) और श्यामा बाई ओंठ (45), सभी निवासी सुपरा और भगवान्ता बाई ओंठ (38) निवासी भंवरासा (मायके सुपरा आई थी) घायल हुए हैं।
एक महिला के दोनों पैरों में गंभीर चोट बताई गई है, जबकि अन्य घायलों को भी सिर, पैर और शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आई हैं। घायलों को डायल-112 की मदद से पहले पिपलियामंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात करीब 1 बजे घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद चालक को खंभे से बांधा
टक्कर के बाद ग्रामीणों ने कार को घेर लिया और चालक को वाहन से बाहर निकाल लिया। इसके बाद कुछ लोगों ने उसे पास के बिजली के खंभे से बांधकर पीटा।
आक्रोशित लोगों ने कार में भी तोड़फोड़ कर दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चालक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार कार में चालक अर्जुन सिंह (32) पुत्र कमल सिंह, निवासी सुजानपुरा, अकेला था। स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने की बात कही है।
हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही होगी। पुलिस चालक का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ वाहन और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शी बोले- अचानक तेज रफ्तार में आई कार
प्रत्यक्षदर्शी दीपक के अनुसार, मंदिर में गणेशजी की स्थापना के बाद आरती और प्रसादी का कार्यक्रम चल रहा था। कुछ लोग डांस कर रहे थे, जबकि महिलाएं प्रसादी लेकर बाहर निकल रही थीं।
इसी दौरान काले रंग की कार तेज रफ्तार में आई और लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी हीराबाई ने बताया कि वह भी आरती के बाद प्रसाद लेने गई थीं। प्रसाद लेकर मंदिर के गेट से बाहर निकलते समय अचानक कार आई और लोगों को टक्कर मार दी।
वीडियो में दिखी टक्कर के बाद की स्थिति
हादसे से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में मंदिर के बाहर कार्यक्रम के दौरान लोग नजर आ रहे हैं। इसी दौरान काले रंग की कार तेजी से आती दिखाई देती है और बाहर मौजूद लोगों को टक्कर लगती है।
दूसरे वीडियो में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार और उसके पास जुटे ग्रामीण दिखाई दे रहे हैं। पुलिस वीडियो फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना प्रभारी विक्रम सिंह इनवे ने बताया कि हादसे में छह महिलाएं और एक बच्ची घायल हुई हैं। कार में अर्जुन सिंह अकेला सवार था और उसे हिरासत में लिया गया है।
सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस हादसे के कारण, चालक की स्थिति और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
