इंदौर: लोधिया कुंड में डूबने से चचेरे भाई-बहन की मौत
डूंगरपुर। मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र स्थित लोधिया कुंड में सोमवार दोपहर हादसे में डूंगरपुर जिले के आसपुर थाना क्षेत्र के कतीसौर निवासी चचेरे भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई।
हादसा कुंड के किनारे टहलने के दौरान पैर फिसलने से हुआ। बहन को बचाने के प्रयास में भाई भी गहरे पानी में चला गया।
जानकारी के अनुसार कतीसौर निवासी अजीत सिंह चौहान (26) और उनकी चचेरी बहन अंजली सोमवार को अपने परिजनों के साथ सिमरोल थाना क्षेत्र स्थित लोधिया कुंड घूमने गए थे।
दोपहर करीब 1:30 बजे अंजली, अजीत और अश्विनी कुंड के किनारे एक-दूसरे का हाथ पकड़कर आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पत्थरों पर अंजली का पैर फिसल गया और तीनों असंतुलित होकर पानी में गिरने लगे।
पीछे चल रहे महेंद्र सिंह और अभिराज ने अश्विनी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अंजली और अजीत गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर सिमरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को 108 एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक छा गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
