अनूपपुर: खेत में मिला वृद्ध का खून से लथपथ शव, हत्या की आशंका
अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले कोतमा थाना के ग्राम गोडारू में गुरुवार शाम 55 वर्षीय स्वामी सिंह गोंड का खून से लथपथ शव खेत में मिला। उनके सिर और चेहरे पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
परिजनों ने स्वामी सिंह को एक किसान के खेत के पास खून से लथपथ हालत में देखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार, सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण अधिक खून बहने से उनकी मौत हुई। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई हैं।
घटना की सूचना मिलने पर कोतमा थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल पुलिस टीम के साथ गोडारू पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भेजा। शव को मर्चुरी में रखवाया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद और जमीन से जुड़े विवाद समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस घटना वाली जगह के खेत मालिक से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुटी है।
एसपी विक्रांत मुराब ने बताया कि गुरुवार शाम डायल-112 पर गोडारू गांव में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
