बलरामपुर : पुलिया के नीचे गिरी अनियंत्रित पिकअप, हादसे में युवक की मौत, तीन गंभीर घायल
15 फीट गहरी पुलिया में गिरी पिकअप
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
रिंग रोड स्थित स्वाद घर के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरी पुलिया में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
रामानुजगंज थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित स्वाद घर के समीप शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी करीब 15 फीट गहरी पुलिया में जा गिरा।
हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुर्लूडीह निवासी चार युवक अपनी दो खराब मोटरसाइकिल की मरम्मत कराने रामानुजगंज आए थे।
मोटरसाइकिल मरम्मत के लिए छोड़ने के बाद वे नावाडीह से पौधे लेकर पिकअप वाहन (यूपी 64 बीटी 5344) से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान स्वाद घर के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पुलिया के नीचे जा गिरी।
दुर्घटना में धुनधुन (21) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं सुनील यादव (35), उमा (21) और मंगलू (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों ग्राम कुर्लूडीह के रहने वाले हैं।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रामानुजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल की मर्च्युरी में रखवा दिया है।
देर शाम होने के कारण पोस्टमार्टम शुक्रवार को नहीं हो सका, जिसे शनिवार को कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद ग्राम कुर्लूडीह समेत आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
