द्वारका एक्सप्रेसवे पर कैब चालक के शरीर के आर-पार हुआ ई-रिक्शा में भरा सरिया, मौत
कैब में सवार महिला यात्री हादसा देखकर सहमीं, बेहोश हो गई
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर एवीएल36 सोसायटी के सामने शुक्रवार दोपहर को एक कार व ई-रिक्शा के बीच टक्कर हो गई। कार ने पीछे से ई-रिक्शा में टक्कर मारी। इस दौरान ई-रिक्शा में भरे सरिया कार का बोनट शीशा तोड़ते हुए ड्राइवर के सीने के पार हो गए।
इस घटना में कैब ड्राइवर की मौत हो गई। कैब में बैठी महिला यात्री बुरी तरह से डर गई और बेहोश हो गई। महिला को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
गुरुग्राम से दिल्ली जा रही एक कैब ने शुक्रवार को द्वारका एक्सप्रेसवे पर ओवरटेक लेन में चल रहे ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा में लदे लोहे के सरिये कैब के अंदर घुसकर ड्राइवर के शरीर के आर-पार हो गए।
ई-रिक्शा में लदा सरिया काफी बाहर तक निकला हुआ था और उस पर किसी तरह का संकेत या रेड फ्लैग भी नहीं लगा था। टक्कर के बाद कैब का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कैब ड्राइवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
कैब में उसके साथ बैठी महिला यात्री हादसा देखकर सदमे में आ गई और बेहोश हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सेक्टर-37 थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कैब में फंसे ड्राइवर के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। बेहोश हुई महिला यात्री को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद द्वारका एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया था। पुलिस ने दोनों वाहनों को सडक़ किनारे कराकर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। ई-रिक्शा चालक ने बताया कि वह धीरे-धीरे अपना वाहन चला रहा था, तभी पीछे से कार ने टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि हादसे की सही वजह जानने के लिए एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
