चंदननगर नगर निगम के मुख्य अभियंता गिरफ्तार, ठेकेदार से ₹1 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप
फ्लैट कब्जाने और बेचने के आरोपों की भी जांच
हुगली। चंदननगर नगर निगम के मुख्य अभियंता शैबाल राय को ठेकेदार से कथित तौर पर रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार कर पुलिस ने शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
आरोप है कि चंदननगर में तालाब के जीर्णोद्धार कार्य करने वाले ठेकेदार प्रदीप दे का निगम के पास लगभग 10 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित था। कई बार भुगतान की मांग करने के बावजूद राशि जारी नहीं की गई।
ठेकेदार का आरोप है कि मुख्य अभियंता शैबाल राय ने भुगतान जारी करने के बदले एक करोड़ रुपये की मांग की और कहा कि राशि दिए बिना बिल का भुगतान नहीं होगा।
शिकायत के अनुसार, एकमुश्त इतनी रकम उपलब्ध न होने पर ठेकेदार ने अपनी एक संपत्ति बेचकर अपने कारोबारी साझेदार के माध्यम से 35 लाख रुपये अभियंता को दिए तथा शेष राशि बाद में देने की बात कही।
आरोप यह भी है कि इसके बाद भी भुगतान नहीं किया गया। बल्कि मुख्य अभियंता ने कथित तौर पर चंदननगर स्थित ठेकेदार का लगभग 30 लाख रुपये मूल्य का एक फ्लैट भी अपने कब्जे में लेकर किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। इसके बावजूद ठेकेदार के बकाया 10 करोड़ रुपये जारी नहीं किए गए।
ठेकेदार ने यह भी आरोप लगाया है कि कथित तौर पर वसूली गई रकम तृणमूल के कुछ मंत्रियों और निगम के जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाई जाती थी।
पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। जांच के दौरान अभियंता की कई विदेशी यात्राओं की भी जानकारी सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में भी शैबाल राय पर चंदननगर नगर निगम की एक परियोजना में वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगे थे। उस समय तत्कालीन निगम अध्यक्ष जयंत दास ने यह आरोप सार्वजनिक रूप से उठाया था। उस मामले की जांच भी अभी जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस शासनकाल के दौरान निगम के ठेकेदारों को भुगतान प्राप्त करने के लिए कथित तौर पर कटमनी देनी पड़ती थी। यह भी जांच की जा रही है कि क्या मुख्य अभियंता कथित रूप से नेताओं के लिए बिचौलिये (मध्यस्थ) की भूमिका निभाते थे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
