रायगढ़: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, सॉफ्टवेयर इंजीनियर गिरफ्तार
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार किया है, जो अपने गिरोह के साथ मिलकर विभिन्न सटोरियों को क्रिकेट सट्टा आईडी उपलब्ध कराता था तथा उन्हें तकनीकी सहायता प्रदान करता था।
आरोपित द्वारा सट्टेबाजों को अधिक लाभ दिलाने के उद्देश्य से ऐसी वेबसाइट एवं आईडी तैयार कर बेची जा रही थी, जिसमें लाइव क्रिकेट मैच का प्रसारण टेलीविजन प्रसारण से लगभग पांच सेकेंड पहले उपलब्ध हो जाता था, जिसका उपयोग कर सटोरिये बॉल-टू-बॉल सट्टेबाजी में अनुचित लाभ प्राप्त कर रहे थे।
विदित हो कि, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
ये खबर भी पढ़े : छत्तीसगढ़: शराब और डीएमएफ घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 1400 करोड़ संपत्ति कुर्करायगढ़ के साइबर पुलिस थाना द्वारा पूर्व में रायगढ़ सहित कोलकाता एवं गोवा तक फैले सट्टा नेटवर्क के विरुद्ध सिलसिलेवार कार्रवाई की जा चुकी है। एसएसपी रायगढ़ के निर्देशन पर सीएसपी मयंक मिश्रा पूरे सिंडीकेड के लिंक से जुड़े व्यक्तियों की जांच की जा रही है ।
इसी दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि न्यू शंकरनगर रायगढ़ में एक व्यक्ति अपने घर से कंप्यूटर एवं विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के लिए आईडी बनाकर बेच रहा है।
सूचना पर थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में साइबर थाना टीम ने न्यू शंकरनगर रायगढ़ क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस को देखकर एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम आदर्श कुमार केशरी पिता प्रदीप कुमार केशरी, उम्र 28 वर्ष, निवासी न्यू शंकरनगर, शीतला मंदिर के पास, थाना कोतरारोड, जिला रायगढ़ बताया।
जांच के दौरान आरोपित के कब्जे से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन एवं आईडी निर्माण से संबंधित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य प्राप्त हुए। पूछताछ में आरोपित ने अपने साथियों एवं पूरे नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए अपराध स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि, वह बी.टेक इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका है तथा वर्तमान में दिल्ली स्थित एक आईटी कंपनी में कार्यरत है। अक्टूबर 2025 में उसकी मुलाकात रायपुर निवासी एवं बिहार निवासी दो मित्रों से हुई, जो नोएडा स्थित आईटी कंपनियों में कार्यरत हैं।
इनके माध्यम से वह ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क से जुड़ा तथा Winbigpro नामक प्लेटफॉर्म के संचालन और तकनीकी प्रबंधन का कार्य करने लगा, जिसके बदले उसे 20 प्रतिशत कमीशन प्राप्त होता था।
आरोपित ने पूछताछ में यह भी बताया कि वह केवल सट्टा आईडी उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं था बल्कि सटोरियों के भुगतान एवं विड्रॉल संबंधी कार्यों में भी सहयोग करता था।
उसके द्वारा उपयोग किया जाने वाला एचपी कंपनी का लैपटॉप दिल्ली स्थित उसके ठिकाने पर छिपाकर रखा गया है, जिसका उपयोग वेबसाइट डेवलपमेंट एवं ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन से जुड़े कार्यों में किया जाता था।
पुलिस ने आरोपित आदर्श कुमार केशरी के कब्जे से एक सैमसंग एस-23 एवं एक वनप्लस मोबाइल फोन जब्त किया है। जांच में आरोपित का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4 एवं 7 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत अपराध पाए जाने पर साइबर थाना रायगढ़ में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया तथा आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में विवेचना जारी है ।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
