बुलडोजर कार्रवाई और वास भूमि के मुद्दे पर भाकपा-माले ने उठाई आवाज
13 सूत्री मांगपत्र सौंपा
अभय, शेरघाटी
शेरघाटी। गरीबों के घरों पर बिना वैकल्पिक व्यवस्था के बुलडोजर कार्रवाई नहीं करने और भूमिहीन परिवारों को वास भूमि उपलब्ध कराने की मांग को लेकर भाकपा-माले (लिबरेशन) ने सोमवार को शेरघाटी में धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को 13 सूत्री मांगपत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
मांगपत्र में कहा गया कि सभी भूमिहीन गरीब परिवारों को पांच डिसमिल वास भूमि का परचा देने के साथ आवास की गारंटी की जाए। वर्षों से जिस जमीन पर गरीब परिवार बसे हुए हैं, उन्हें उसी जमीन का वास भूमि परचा दिया जाए। साथ ही बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए गरीब परिवारों के घरों को नहीं हटाने की मांग की गई।
पार्टी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए पांच लाख रुपये देने और जमीन के कागजात की शर्त हटाने की भी मांग उठाई। राशन कार्ड से नाम काटने के फैसले को वापस लेने, कटे हुए नामों को पुनः जोड़ने और नए राशन कार्ड बनाने की मांग की गई।
धरना के माध्यम से वृद्धजनों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा पेंशन तीन हजार रुपये करने, ग्रामीण क्षेत्रों में सालभर रोजगार और 700 रुपये दैनिक मजदूरी देने, प्रवासी मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा व सुरक्षित रोजगार की गारंटी देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में होल्डिंग टैक्स लगाने का फैसला वापस लेने की मांग की गई। इसके अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य के निजीकरण पर रोक लगाने, बंद पड़े नल-जल योजनाओं को चालू करने तथा परचाधारियों को जमीन पर दखल दिलाने की मांग भी उठाई गई। धरना में पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
