स्कूल के कार्यालय में घुसकर लैपटॉप-मोबाइल चोरी करने वाला 18 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
नशे की लत के लिए पैसों की जरूरत में वारदात को दिया अंजाम
चोरी का Lenovo लैपटॉप और कीपैड मोबाइल बरामद
लखनऊ। मोहनलालगंज थाना पुलिस ने स्कूल के कार्यालय में घुसकर लैपटॉप और मोबाइल चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक Lenovo लैपटॉप और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रौनक उर्फ मोहित, निवासी ग्राम सरईं गुदौली, थाना गोसाईगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 18 वर्ष बताई गई है।
स्कूल कार्यालय में चोरी की शिकायत
पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त 2026 को इन्द्रेश मिश्र पुत्र स्वर्गीय हरिशंकर मिश्र, निवासी आशियाना कॉलोनी, लखनऊ ने मोहनलालगंज थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने अनधिकृत रूप से स्कूल के कार्यालय में प्रवेश कर वहां रखा कीमती सामान, एक मोबाइल फोन और Lenovo लैपटॉप चोरी कर लिया।शिकायत के आधार पर थाना मोहनलालगंज में मु0अ0सं0 315/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के खुलासे और चोरी का सामान बरामद करने के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने तकनीकी, मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में पुलिस ने रौनक उर्फ मोहित पुत्र विधना प्रसाद, निवासी ग्राम सरईं गुदौली, थाना गोसाईगंज, लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
नशे की लत के लिए चोरी करने की बात कबूली
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है। उसके पास नशा करने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए उसने स्कूल के कार्यालय में घुसकर लैपटॉप और मोबाइल चोरी कर लिया। आरोपी के मुताबिक, वह चोरी किए गए सामान को बेचने के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
01 Lenovo लैपटॉप
01 कीपैड मोबाइल
बरामद किया है।
मामले में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट लखनऊ तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम अभियान के तहत की गई।पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक मोहनलालगंज राम बाबू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
