भ्रष्टाचार मुक्त भारत का संकल्प, हर नागरिक बने बदलाव का प्रहरी: ज्यूडिशियल काउंसिल
देशव्यापी जन अभियान का ऐलान, युवाओं से ईमानदारी और पारदर्शिता की अलख जगाने की अपील
लायक हुसैन
नई दिल्ली/गाजियाबाद | ज्यूडिशियल काउंसिल के चेयरमैन राजीव अग्निहोत्री ने देशभर में भ्रष्टाचार के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार आज सुशासन, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय विकास के मार्ग में सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को ईमानदारी और जवाबदेही का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का सबसे अधिक दुष्प्रभाव मध्यम वर्ग, गरीब और वंचित समाज पर पड़ता है। सरकारी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और न्याय जैसी मूलभूत सुविधाओं तक पहुंचने में भ्रष्टाचार बड़ी बाधा बनता है, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
राजीव अग्निहोत्री ने कहा कि ज्यूडिशियल काउंसिल का उद्देश्य किसी व्यक्ति, दल या संस्था को निशाना बनाना नहीं, बल्कि समाज में पारदर्शिता, ईमानदारी और उत्तरदायित्व की संस्कृति को मजबूत करना है। इसके लिए देशभर में जन-जागरूकता अभियान, सेमिनार, जनसंवाद, युवा सम्मेलन और स्वयंसेवक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने युवाओं से विशेष आह्वान करते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा आबादी है। यदि युवा राष्ट्रहित, नैतिक मूल्यों और ईमानदारी को जीवन का आधार बनाएंगे तो आने वाली पीढ़ियों को अधिक पारदर्शी और उत्तरदायी व्यवस्था मिलेगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल दर्शक नहीं, बल्कि परिवर्तन का नेतृत्व करने वाला नागरिक बनना होगा। उन्होंने बताया कि अभियान का विस्तार देश के प्रत्येक राज्य, जिले, नगर और गांव तक किया जाएगा, जिसमें समाजसेवी, अधिवक्ता, शिक्षक, विद्यार्थी, सेवानिवृत्त अधिकारी, व्यापारी, महिलाएं और जागरूक नागरिक सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे। अग्निहोत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष केवल शिकायत करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को स्वयं भी ईमानदारी का पालन करना होगा। रिश्वत न देना, नियमों का सम्मान करना, सार्वजनिक संसाधनों की रक्षा करना और अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाना हर जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि देश भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सफल होता है तो शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे, रोजगार, न्याय और निवेश सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
ये खबर भी पढ़े : एमसीडी बैठक में जनहित मुद्दों और राम मंदिर चढ़ावे चोरी पर चर्चा से भागी ईडी पार्टी- अंकुश नारंगज्यूडिशियल काउंसिल ने देशवासियों से इस राष्ट्रीय जन अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि 'भ्रष्टाचार मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी को अपना जीवन संकल्प बनाए। भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की साझा लड़ाई है।'
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
