फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया में तेज टर्बुलेंस कैप्टन का डोप टेस्ट
कैप्टन के डोप टेस्ट की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं
नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट मंगलवार, 4 अगस्त को तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। घटना के बाद दिल्ली में विमान की लैंडिंग होने पर पायलटों का पोस्ट-फ्लाइट ड्रग और डोप टेस्ट कराया गया। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि कैप्टन के टेस्ट में साइकोएक्टिव सब्सटेंस पाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, एअर इंडिया ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि निर्धारित नियमों के तहत फ्लाइट की लैंडिंग के बाद पायलटों का पोस्ट-फ्लाइट स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया था। हालांकि, टेस्ट की रिपोर्ट अभी एयरलाइन को प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में कंपनी फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचने या टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने की पुष्टि करने की स्थिति में नहीं है।
एयरलाइन के मुताबिक, नागरिक उड्डयन नियमों के तहत क्रू मेंबर्स की नियमित ड्रग स्क्रीनिंग की जाती है। ये जांच किसी विशेष उड़ान या घटना से जुड़ी होना जरूरी नहीं है। जरूरत पड़ने पर एयरलाइन संबंधित जांच एजेंसियों और अधिकारियों को पूरा सहयोग करती है।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने 4 अगस्त की सुबह करीब 8:41 बजे फुकेट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। विमान में 134 यात्री सवार थे। दिल्ली पहुंचने से कुछ समय पहले क्रूजिंग के दौरान विमान को अचानक तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा।
यात्रियों के मुताबिक, विमान करीब दो से तीन मिनट तक जोरदार झटकों से हिलता रहा। टर्बुलेंस इतना तेज था कि विमान के केबिन की सीलिंग तक क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। फिलहाल कैप्टन के डोप टेस्ट से जुड़ी रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि टेस्ट में वास्तव में क्या परिणाम आया था।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
