Mumbai: 25 लाख खर्च वाले दावे पर BMC का खंडन
महापौर के सोशल मीडिया पर 25 लाख खर्च की ख़बरें झूठी!
By Rajesh Jaiswal
मुंबई। मुंबई की महापौर रितु तावड़े के पर्सनल सोशल मीडिया अकाउंट पर 25 लाख रुपये खर्च किए जाने की खबरों को लेकर महापौर कार्यालय ने सफाई दी है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका प्रशासन ने कहा है कि इस तरह की खबरें पूरी तरह से तथ्यहीन और भ्रामक हैं। महापौर कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि अलग-अलग मीडिया आउटलेट्स में चल रही खबरों में दावा किया जा रहा है कि महापौर के सोशल मीडिया प्रचार पर 25 लाख रुपये खर्च होंगे, जो कि यह सच नहीं है।
बीएमसी प्रशासन के मुताबिक, ‘MyBMC’ सहित बीएमसी के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को संभालने के लिए दो साल पहले एक तय टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से 'Ms. Runtime Solutions Private Limited' नामक कंपनी को नियुक्त किया गया था। यह कंपनी बीएमसी को सोशल मीडिया संचालन के लिए तकनीकी मैनपावर उपलब्ध कराती है। इसी संस्था के माध्यम से महापौर कार्यालय के सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी हैंडल किया जाता है। इसके लिए महापौर कार्यालय ने अलग से किसी संस्था की नियुक्ति नहीं की है और न ही किसी विशेष प्रचार अभियान के निर्देश दिए हैं।
बीएमसी ने बताया कि इसी कंपनी का कार्यकाल अगस्त 2026 से जुलाई 2027 तक एक साल के लिए बढ़ाने का प्रस्ताव स्टैंडिंग कमेटी में पहले ही पारित हो चुका है। यह व्यवस्था पूरे बीएमसी के सोशल मीडिया संचालन के लिए है, न कि केवल महापौर कार्यालय के लिए। महापौर कार्यालय ने मीडिया से आग्रह किया है कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत न किया जाए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश जायसवाल को पत्रकारिता क्षेत्र में 25 वर्षों का अनुभव है। अपने लंबे करियर में उन्होंने समाचार लेखन और रिपोर्टिंग के विभिन्न दायित्व निभाए हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में कार्यरत हैं।
