बंदियों के देशभक्ति कार्यक्रम ने बांधा समां,महिला बंदियों और बच्चों को बांटे फल-खिलौने
ललित वर्मा
लखीमपुर-खीरी,15 अगस्त(तरुणमित्र)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने शनिवार को जिला कारागार पहुंचकर निरुद्ध पुरुष एवं महिला बंदियों के साथ आजादी का पर्व मनाया। उन्होंने जेल में निरुद्ध बंदियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हम सभी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है।
इस दौरान निरुद्ध पुरुष बंदियों की ओर से देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों ने माहौल को भावपूर्ण बना दिया। डीएम ने बंदियों की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान जेल परिसर भारत माता के जयघोष से गूंज उठा।
डीएम ने निरुद्ध महिला बंदियों से संवाद किया और उनके साथ रह रहे नन्हे बच्चों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को फल एवं खिलौने वितरित किए। बच्चों के चेहरों पर खिलौने पाकर आई मुस्कान ने माहौल को भावुक बना दिया। डीएम ने जेल प्रशासन को निरुद्ध महिलाओं और बच्चों की आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
सफाई कार्मिकों की मेहनत को डीएम ने सराहा, किया सम्मानित
जिला कारागार के बाद डीएम सीधे गोटैय्याबाग स्थित वाल्मीकि मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने नगर पालिका परिषद लखीमपुर खीरी में कार्यरत सफाई कार्मिकों से मुलाकात की। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्होंने सफाई कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना करते हुए सम्मानित किया।
डीएम ने कहा कि सफाई कार्मिक शहर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। प्रतिदिन विषम परिस्थितियों में काम करते हुए वे स्वच्छता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सफाई कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्वच्छता सुरक्षा किट प्रदान की। इस दौरान नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित पालिका स्टाफ मौजूद रहा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
