लखीमपुर-खीरी,13 अगस्त(तरुणमित्र)। विकास कार्यों में मनमानी और गुणवत्ता से खिलवाड़ पर सीडीओ अभिषेक कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को मितौली विकासखंड के पीएमश्री विद्यालय रतहरी में बाउंड्रीवाल निर्माण का मामला सामने आने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बाउंड्रीवाल में पुरानी ईंटों का प्रयोग मिला। दीवार पर साथ-साथ प्लास्टर भी कराया जा रहा था।
निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग देख सीडीओ ने मौके पर ही कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदारों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्माण की प्रक्रिया और गुणवत्ता की जानकारी ली। निरीक्षण में पाया गया कि दीवार में पुरानी ईंटें लगाई जा रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने कंसलटिंग इंजीनियर और ग्राम पंचायत अधिकारी को आरोप पत्र जारी करने के निर्देश दिए। वहीं निर्माण कार्य की प्रभावी निगरानी न किए जाने पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के प्रति भी नाराजगी जताई। उन्होंने एडीओ पंचायत से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि सरकारी धन से कराए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और प्रक्रिया के अनुसार ही कराए जाएं। लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।