सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा और बिक्री पर दो टीएमसी नेता गिरफ्तार
फर्जी दस्तावेजों के जरिए बिक्री करने वाले दो तृणमूल नेता को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सिलीगुड़ी। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर फर्जी दस्तावेजों के जरिए बिक्री करने के एक मामले में खोरीबाड़ी पुलिस ने दो और तृणमूल नेता को गिरफ्तार किया है गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिगेन सिन्हा और उत्तम बर्मन के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, खोरीबाड़ी के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र स्थित मेची मार्केट व्यवसायी वेलफेयर एसोसिएशन ने वर्ष 2020 में राज्य सरकार से 7.92 एकड़ जमीन लीज पर ली थी। आरोप है कि लीज पर मिली जमीन के अलावा करीब 3.61 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर उसे फर्जी दस्तावेज तैयार कर विभिन्न लोगों को बेच दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया से करोड़ों रुपये की वसूली किए जाने का भी आरोप है।
मामले में आठ अगस्त को फांसीदेवा के भाजपा विधायक दुर्गा मुर्मू ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस और भूमि राजस्व विभाग ने जांच शुरू की। जांच के दौरान सरकारी रिकॉर्ड और जमीन के दस्तावेजों की पड़ताल के बाद पहले हांद्रू उरांव को गिरफ्तार किया गया था। हांद्रू उरांव मेची मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष, पूर्व प्रधान और तृणमूल नेता के रूप में क्षेत्र में परिचित हैं।
पुलिस के मुताबिक, हांद्रू से पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर शनिवार रात दिगेन सिन्हा और उत्तम बर्मन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपितों को रविवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
