बंगाल में बारिश का दौर जारी, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार को बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और दक्षिण 24 परगना में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में बारिश का आंकड़ा सात से 11 सेंटीमीटर तक पहुंच सकता है।
कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वज्रपात को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर जाने से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, कूचबिहार, मालदा तथा उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
उत्तर बंगाल के सभी जिलों में एक-दो स्थानों पर वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के कारण तापमान में विशेष बढ़ोतरी की संभावना नहीं है, लेकिन अधिक नमी के कारण दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में उमस बनी रह सकती है।
कोलकाता में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस बीच समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बांग्लादेश के तटीय क्षेत्रों तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब रहने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
