सीआईडी पेशी के बाद बिगड़ी विधायक की तबीयत, लिखा - 'अलविदा कैनिंग'
कोलकाता। भवानी भवन में सीआईडी के सामने पेश होने से कुछ घंटे पहले सोशल मीडिया पर 'अलविदा कैनिंग' का रहस्यमयी पोस्ट लिखकर चर्चा में आए कैनिंग पश्चिम के तृणमूल कांग्रेस विधायक परेशराम दास की पेशी के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई।
सोमवार को पूछताछ के बाद सांस लेने में तकलीफ की शिकायत पर सीआईडी के अधिकारी उन्हें तुरंत एसएसकेएम अस्पताल ले गए। सूत्रों के अनुसार, रात को इलाज के बाद विधायक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वे अपने घर लौट गए हैं।
सोमवार को निर्धारित समय से कुछ देर पहले ही विधायक भवानी भवन पहुंच गए थे। हालांकि, पेशी से पहले उनके द्वारा किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट ने दिन भर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचाए रखी।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा था, "अलविदा कैनिंग, फिर मिलेंगे, बातें होंगी।" विधायक के इस रहस्यमयी और भावुक संदेश को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।
यह पूरा मामला साल 2023 के पंचायत चुनावों से जुड़ा है। पंचायत चुनाव के दौरान कैनिंग पश्चिम क्षेत्र में विधायक परेशराम दास के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें दर्ज की गई थीं।
उन पर विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं पर हमला करने, बमबाजी करने और उन्हें चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने से रोकने जैसे संगीन आरोप लगे थे। हालांकि, तृणमूल विधायक ने लगातार इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
सीआईडी द्वारा उन्हें तलब किए जाने का मुख्य कारण टिकट के बदले पैसे के लेन-देन और शारीरिक प्रताड़ना का एक विशिष्ट मामला है।
आरोप है कि पंचायत चुनाव से पहले परेशराम दास ने एक व्यक्ति को पंचायत सदस्य का टिकट दिलाने का झांसा देकर चार लाख रुपये की मांग की थी।
शिकायत के मुताबिक, जब उक्त व्यक्ति ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया।
इसी मामले में विस्तृत पूछताछ के लिए राज्य खुफिया विभाग ने उन्हें भबानी भवन तलब किया था, जहां पूछताछ के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
