कालकाजी मंदिर के पास किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म
पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा, एक मुठभेड़ के दौरान घायल
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज इलाके में 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तुगलकाबाद निवासी 34 वर्षीय आसिफ भी शामिल है, जिसे पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, किशोरी अपने नाबालिग मित्र के साथ शाम के समय कालकाजी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थी। दर्शन के बाद दोनों मंदिर के पीछे स्थित आस्था कुंज इलाके में चले गए। बताया गया कि शाम करीब 7:30 बजे तीन युवक वहां पहुंचे। उनकी उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है।
खुद को पुलिसकर्मी बताकर धमकाया
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, तीनों युवकों ने किशोरी और उसके नाबालिग मित्र को खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने किशोर को अलग कर दिया और किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलने के बाद दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस ने जांच शुरू की। पीड़िता को चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, किशोरी इस घटना के बाद काफी घबराई हुई थी।
पीड़िता की पहचान के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने आरोपियों के हुलिए से जुड़ी कुछ जानकारी दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने इलाके के सात-आठ संदिग्ध लोगों को जांच के दायरे में लिया। बाद में पीड़िता ने आसिफ की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसिफ को अमर कॉलोनी में जिलाधिकारी कार्यालय के पास तड़के घेरा गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने वहां से भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने गोली चलाई। इस दौरान एक गोली उसके पैर में लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने बताया कि मामले में आसिफ के दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
आस्था कुंज में पहले भी सामने आ चुकी है वारदात
पुलिस के मुताबिक, कालकाजी मंदिर से सटे आस्था कुंज इलाके में पिछले वर्ष भी एक युवती की हत्या का मामला सामने आया था। पुलिस अब इस इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपियों का आपस में क्या संबंध था और क्या वे पहले भी इस तरह की किसी वारदात में शामिल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पीड़िता का उपचार चल रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
