गहरे निम्न दबाव के कारण दक्षिण बंगाल में मूसलाधार बारिश, कोलकाता के कई इलाके जलमग्न
कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र रविवार को और अधिक मजबूत होकर गहरे निम्न दबाव में बदल गया है। इसके प्रभाव से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में रविवार रात से लगातार भारी बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने सोमवार को भी दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई है। पूरे सप्ताह बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार दोपहर के बाद यह गहरा निम्न दबाव ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों से होकर आगे बढ़ेगा। इसके प्रभाव से समुद्र में ऊंची लहरें उठने और समुद्र के उग्र रहने की आशंका है। इसे देखते हुए मछुआरों को अगले आदेश तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
सोमवार सुबह से ही कोलकाता में घने बादल छाए हुए हैं और लगातार तेज बारिश हो रही है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ भी गिर गए हैं।
ये खबर भी पढ़े : नवनिर्वाचित विधायकों को संसदीय परंपराओं का मिलेगा प्रशिक्षण, लोकसभा अध्यक्ष करेंगे उद्घाटनजलभराव और खराब मौसम के कारण यातायात प्रभावित हुआ है तथा कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग ने दिनभर बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।
सोमवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है।
दक्षिण बंगाल में पुरुलिया, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा तटीय जिलों में भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है, क्योंकि तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
उधर, उत्तर बंगाल में भी सोमवार से वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। जलपाईगुड़ी और आसपास के क्षेत्रों के लिए विशेष वर्षा चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से उत्तर बंगाल में बारिश और बढ़ सकती है। उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
