हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: पानी की टंकी में दम घुटने से मां और दो बेटों की मौत
एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों की गई जान
हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया. यहां एक ही परिवार के तीन लोगों की पानी की टंकी के अंदर दम घुटने से मौत हो गई.
मृतकों में 55 वर्षीय सरस्वती देवी और उनके दो बेटे शामिल हैं. इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, गौलापार के मानपुर पश्चिम गांव निवासी सरस्वती देवी ने अपने घर में हाल ही में एक पानी की टंकी बनवाई थी. मंगलवार को उनका बड़ा बेटा टंकी की शटरिंग खोलने के लिए उसके अंदर उतरा.
कुछ देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को उसकी चिंता हुई. बताया जा रहा है कि टंकी के भीतर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस होने के कारण वह बेहोश हो गया.
एक परिवार के 3 लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर
बेटे को बचाने के लिए सरस्वती देवी तुरंत टंकी के अंदर उतर गईं, लेकिन वह भी दम घुटने से बेहोश हो गईं. इसके बाद छोटे बेटे ने मां और बड़े भाई को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी टंकी में उतरते ही बेहोश हो गया. इस तरह तीनों की टंकी के भीतर ही दम घुटने से मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को बाहर निकालकर हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया.
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि बंद टंकी के भीतर ऑक्सीजन की कमी या किसी जहरीली गैस के कारण यह हादसा हुआ. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
