उत्तराखंड में बारिश का कहर, अस्थायी रूप से रोकी गई चारधाम यात्रा
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी वर्षा से जोखिम बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की चेतावनी और चारधाम यात्रा मार्ग के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने सोमवार को एहतियातन चारधाम यात्रा का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया ।
यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया। इस बीच मौसम एवं विज्ञान विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी जारी कर लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग पर मौजूद तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए तथा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही आगे की यात्रा की अनुमति दी जाए।
ये खबर भी पढ़े : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में 900 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण पूरा, पुल अंतिम चरण मेंउन्होंने मीडिया और अन्य संचार माध्यमों से तीर्थयात्रियों तथा आम लोगों तक समय पर प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय मौजूदा मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और यात्रा मार्गों पर सुरक्षा संबंधी जोखिमों को देखते हुए एहतियाती उपाय के रूप में लिया गया है।
मार्ग सुरक्षित होने और परिस्थितियां सामान्य होने के बाद चारधाम यात्रा का संचालन पुनः शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और संबंधित जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
उधर, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कई स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है।
देहरादून, टिहरी और हरिद्वार जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है।
राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना व्यक्त की गई है। सुबह से रूक-रूक कर वर्षा का दौर जारी है।
विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई। मैनुअल वर्षामापी केंद्रों में शामा में 220 मिमी, कपकोट में 97 मिमी, बंगापानी में 92 मिमी और लोहारखेत में 91 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
स्वचालित मौसम केंद्रों में पोखरी और डीडीहाट में 109-109 मिमी, किच्छा में 108 मिमी तथा मालदेवता में 103.5 मिमी बारिश दर्ज हुई।
देहरादून के लिए जारी पूर्वानुमान में दिनभर आमतौर पर बादल छाए रहने, मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारों के कई दौर और कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
