मुरादाबाद में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की मौत, दूसरा गंभीर; गांव में भारी तनाव
मुरादाबाद। जनपद के कुंदरकी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम चक खिताबपुर उर्फ खनुपुरा में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलीबारी की इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय अंकित जाटव पुत्र कल्लू जाटव अपने घर के बाहर खड़ा था, जबकि 35 वर्षीय आशीष चौधरी पुत्र सुखवीर अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान हमलावर वहां पहुंचे और दोनों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से अंकित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशीष के सिर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं युवक की हत्या से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का विरोध करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
मौके पर पहुंचे एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
ये खबर भी पढ़े : डीएम की अध्यक्षता में बघौली विकास खंड के ग्राम पंचायत बड़हरा में रात्रि चौपाल का किया गया आयोजन।पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
