राहुल गांधी के जन्मदिन पर दिल्ली में आयोजित होगा विशाल रोजगार मेला, 150 कंपनियां करेंगी भर्ती
नई दिल्ली। देश में बढ़ती बेरोजगारी और रोजगार के सीमित अवसरों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए भारतीय युवा कांग्रेस ने 19 जून को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक बड़े रोजगार मेले के आयोजन की घोषणा की है। इस मेले में देश की करीब 150 प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार बेरोजगारी की समस्या का समाधान करने में विफल रही है। ऐसे समय में युवा कांग्रेस युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि नौकरी की तलाश कर रहे युवा अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों और बायोडाटा के साथ रोजगार मेले में पहुंच सकते हैं।
चिब के अनुसार, मेले में शामिल कंपनियां विभिन्न क्षेत्रों में भर्ती करेंगी और उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर ही इंटरव्यू लिया जाएगा तथा चयन होने पर उन्हें तत्काल ऑफर लेटर भी प्रदान किया जा सकता है।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केवल रोजगार मेला आयोजित करना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि चयनित युवाओं को आगे भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा, जहां अभ्यर्थी ऑफर लेटर, जॉइनिंग प्रक्रिया या रोजगार से जुड़ी अन्य समस्याओं के संबंध में सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
https://twitter.com/INCIndia/status/2066059269896810788?s=20
उन्होंने देशभर के बेरोजगार युवाओं से बड़ी संख्या में रोजगार मेले में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह पहल युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
गौरतलब है कि कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार को बेरोजगारी के मुद्दे पर घेरती रही है। ऐसे में राहुल गांधी के जन्मदिन पर आयोजित होने वाला यह रोजगार मेला राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गर्गी विश्वकर्मा वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़ी हैं और डिजिटल डिप्टी चीफ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। वह डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्पष्ट, तथ्यपरक और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करती हैं।
