बिसौली, मुड़िया व फैजगंज बेहटा में वार्ड बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक
बदायूं। महिला कल्याण विभाग की ओर से नगर पालिका बिसौली, नगर पंचायत मुड़िया तथा फैजगंज बेहटा में वार्ड बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर प्रतीक्षा मिश्रा ने साइबर सुरक्षा, वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं तथा महिला-बालिकाओं और बच्चों के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। जिला मिशन समन्वयक छवि वैश्य ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पुनर्विवाह दंपति पुरस्कार सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया।
संरक्षण अधिकारी रवि कुमार ने बाल श्रम, भिक्षावृत्ति और बाल विवाह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी देते हुए बच्चों को नशे से दूर रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि किसी बच्चे को समस्या होने पर 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट सहित बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में सभासद, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, लेखपाल, एएनएम, आशा कार्यकत्री, वन स्टॉप सेंटर की टीम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। महिलाओं और बच्चों ने योजनाओं एवं कानूनों से जुड़ी जानकारी में उत्सुकता दिखाई।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
