शिवपाल सिंह-आजम खां की मुलाकात, 2027 के चुनाव को लेकर सियासी चर्चाएं तेज
तंजीम फात्मा के आग्रह पर शिवपाल सिंह यादव इसके बाद रामपुर स्थित सपा कार्यालय पहुंचे
रामपुर में शिवपाल सिंह यादव का पहुंचना, जेल में आजम खां से करीब एक घंटे की मुलाकात
बदायूं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने रामपुर पहुंचकर जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक हुई मुलाकात को लेकर सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। शिवपाल सिंह यादव के साथ पूर्व मंत्री आबिद रजा भी मौजूद रहे। शिवपाल सिंह यादव ने जेल में आजम खां से मुलाकात के बाद उनके आवास पर पहुंचकर उनकी पत्नी एवं पूर्व सांसद तंजीम फात्मा से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच राजनीतिक विषयों पर चर्चा हुई। तंजीम फात्मा के आग्रह पर शिवपाल सिंह यादव इसके बाद रामपुर स्थित सपा कार्यालय पहुंचे।
सपा कार्यालय में शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार शिवपाल सिंह यादव जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे। यहां उन्होंने विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर के साथ-साथ प्रोफेसरों के साथ बैठक की और उनका उत्साहवर्धन किया। शिवपाल सिंह यादव ने जौहर यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में छात्रों को भी संबोधित किया। रामपुर में शिवपाल सिंह यादव का पहुंचना, जेल में आजम खां से करीब एक घंटे की मुलाकात, इसके बाद तंजीम फात्मा से मुलाकात और फिर सपा कार्यालय एवं जौहर यूनिवर्सिटी का दौरा राजनीतिक रूप से चर्चा का विषय बना हुआ है। राजनीतिक विश्लेषक इस पूरे घटनाक्रम को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर भी देख रहे हैं। वहीं ‘शिवपाल-आजम’ की मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
