अवैध पिस्टल लहराते युवक का वीडियो वायरल, मारपीट का आरोप
पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद, पुलिस टीम गठित कर गिरफ्तारी के लिए दी जा रही दबिश
कठवामोड, गाजीपुर। थाना जंगीपुर क्षेत्र के ग्राम बैरियापुर (मेहर अलीपुर भवारी) में 28 अगस्त की रात मारपीट और जान से मारने की धमकी से जुड़े मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक हाथ में पिस्टल जैसी दिखाई दे रही वस्तु लहराता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवधेश बिंद पुत्र शंकर बिंद ने जंगीपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 28 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे वह टीवी लेने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान रास्ते में गांव के किशन बिंद पुत्र चंदेव बिंद ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित की शिकायत में सुनील बिंद पुत्र रामजीत बिंद, निवासी भुलंधरपुर/फटनपुर, थाना नोनहरा का भी नाम शामिल है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के दौरान चाकू दिखाकर भी धमकाया गया। एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है,जो उसी घटना के बाबत बताया जा रहा है जिसमें एक युवक पिस्टल जैसी वस्तु हाथ में लेकर उसे लहराता दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान तथा हथियार की वास्तविक स्थिति की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पीड़ित ने 29 अगस्त 2026 को थाना जंगीपुर में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस दे रही दबिश
इस संबंध में थानाध्यक्ष जंगीपुर ओमप्रकाश ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो समेत प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
