सपा सरकार बनने पर खंगार समाज को मिलेगा राजनीतिक सम्मान, बंद विद्यालय फिर खुलेंगे: अखिलेश
लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस में बोले सपा अध्यक्ष, खंगार समाज को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने और बंद परिषदीय स्कूलों को दोबारा शुरू करने का किया वादा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर महाराजा खेत सिंह खंगार के समाज के लोगों को राजनीतिक सम्मान और उचित स्थान देकर उनका मनोबल बढ़ाने का काम किया जाएगा। उन्होंने एक फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार द्वारा प्रदेश में बंद किए जा रहे परिषदीय विद्यालयों का दावा किया और कहा कि सपा सरकार बनने पर बंद स्कूलों को फिर से चालू कराया जाएगा।
अखिलेश यादव रविवार को राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि “महाराजा खेत सिंह खंगार जी के समाज के लोगों को मैं भरोसा दिलाता हूं कि जब कभी भी समाजवादी सरकार बनेगी, उन्हें राजनीतिक सम्मान और स्थान देकर उनका मनोबल बढ़ाने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि पूरे देश के लोगों की मांग रही है कि जातीय जनगणना कराई जाए और आबादी के अनुपात में सभी वर्गों को उनका हक और सम्मान मिले। अखिलेश ने कहा उप्र में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही तीन महीने के भीतर जातीय जनगणना कराने का काम किया जाएगा। सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में लूट और “महा डकैती” हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार में हो रही इस लूट को रोककर जो पैसा बचेगा, उसे गरीबों के हित में खर्च किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “पूरा देश जानता है कि सीता मां को चुराने वाला भेष बदलकर आया था, इसलिए ऐसे (भाजपा) के लोगों से सावधान रहिए। उन्होंने प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों को बंद किए जाने का भी आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जिन 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने की तैयारी कर रही है, समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उन्हें फिर से चालू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूलों के बंद होने से गरीब, ग्रामीण और वंचित परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी तथा उन्हें शिक्षा के लिए दूर जाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के बच्चे बड़ी संख्या में पढ़ते हैं। सपा सरकार बनने पर पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज को उसकी आबादी के अनुपात में हक और सम्मान देने का काम किया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और समान अवसर के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार बनने पर वंचित वर्गों को राजनीतिक, सामाजिक तथा आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बड़े धन्ना सेठों की पार्टी है, गरीबो से पैसा लूटकर उनकी जेबों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा छवि सुधारने के लिए 07 हजार करोड़ खर्च किया जा रहा, सच्चाई तो ये है कि 70 हजार करोड़ भी खर्च कर दें छवि सुधरने वाली नहीं है। अखिलेश ने फिर दोहराया कि पीडीए से उन्हें (भाजपा) पेट दर्द है, क्योंकि हम प्रोग्रेसिव लोग हैं, डेवलपमेंट करना चाहते हैं, आगे बढ़ाना चाहते हैं। सपा अध्यक्ष ने बिना नाम लिए कहा कि चौधरी चरण सिंह जी पहले नेता थे जिन्होंने किसानों के लिए संघर्ष किया, अगर उनका सम्मान करती है भारतीय जनता पार्टी तो हैंडपंप को तीन गुना सीटें दी जाएं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
