दो केन्द्रों पर नीट-पीजी की परीक्षा रद्द, अब सितंबर में फिर होगा एग्जाम

परीक्षा के दौरान विद्युत आपूर्ति में खराबी के कारण कंप्यूटर प्रणालियां बार-बार बंद होती रहीं

Published By Harshit
On
Harshit Picture
By Harshit

जयपुर। डॉक्टर बनने के बाद विशेषज्ञता की अगली सीढ़ी चढ़ने के लिए रविवार को देशभर में नीट-पीजी की परीक्षा हुई, लेकिन जयपुर के करीब 2500 परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा का दिन तकनीकी अव्यवस्था और हंगामे में बदल गया। सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन के दो परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक विद्युत आपूर्ति में खराबी के कारण कंप्यूटर प्रणालियां बार-बार बंद होती रहीं। नाराज अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ने के बाद प्रभावित केंद्रों की परीक्षा रद्द कर दी गई और अब इन अभ्यर्थियों की दोबारा परीक्षा पांच सितंबर को कराई जाएगी।

देशभर में रविवार को नीट-पीजी का आयोजन 1,111 परीक्षा केंद्रों पर 2.63 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के लिए किया गया। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों ने लंबे समय से तैयारी की थी, लेकिन जयपुर के सीतापुरा केंद्र पर तकनीकी खराबी ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं। परीक्षा केंद्र संख्या 41682 और 41683 पर पंजीकृत अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जयपुर में तेज रफ्तार कार ने तीन महिलाओं को कुचला, मौत ये खबर भी पढ़े : जयपुर में तेज रफ्तार कार ने तीन महिलाओं को कुचला, मौत

अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण कई अभ्यर्थियों की परीक्षा करीब 10 बजे शुरू हो सकी। इसके बाद भी कंप्यूटर प्रणालियों ने साथ नहीं दिया।

परीक्षार्थियों का दावा है कि करीब दो घंटे के दौरान कई बार कंप्यूटर बंद हुए। कुछ अभ्यर्थियों की स्क्रीन पर तीन-चार प्रश्न दिखाई दिए और उसके बाद प्रणाली बंद हो गई, जबकि कुछ अभ्यर्थियों के कंप्यूटर पर पांच-छह प्रश्न आने के बाद फिर से समस्या पैदा हो गई।

बार-बार कंप्यूटर बंद होने से अभ्यर्थियों का परीक्षा का समय और एकाग्रता दोनों प्रभावित हुए। परीक्षा के बीच कई परीक्षार्थियों ने केंद्र के अधिकारियों को बुलाने की मांग की, लेकिन उनके अनुसार तत्काल प्रभावी समाधान नहीं किया गया। तकनीकी गड़बड़ी के बीच कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा की गोपनीयता को लेकर भी सवाल उठाए।

कुछ अभ्यर्थियों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए।

हालांकि, परीक्षा में अनियमितता या प्रश्नपत्र से जुड़ी किसी गड़बड़ी की पुष्टि आधिकारिक तौर पर नहीं हुई है। फिलहाल सामने आई समस्या को तकनीकी और आंतरिक विद्युत आपूर्ति में खराबी से जोड़ा गया है।

परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी केंद्र के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने पुलिस से शिकायत करने और विरोध जारी रखने की बात कही, तो उन्हें कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अभ्यर्थियों का कहना था कि परीक्षा में हुई परेशानी का जवाब मांगना उनका अधिकार है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड ने प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत देते हुए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है। बोर्ड के अनुसार आईओएन डिजीटल जोन सीतापुरा के परीक्षा केंद्र संख्या 41682 और 41683 पर आंतरिक विद्युत आपूर्ति में खराबी के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी।

अब प्रभावित सभी अभ्यर्थियों की पुनः परीक्षा 5 सितंबर (शनिवार) को दोपहर 3 बजे जयपुर में आयोजित की जाएगी। पुनः परीक्षा के लिए नया परीक्षा केंद्र, संशोधित प्रवेश पत्र और अन्य आवश्यक जानकारी अलग से जारी की जाएगी।

राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बैठक बुलाने का निर्णय किया है। इसमें तकनीकी साझेदार और परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार एजेंसी की भूमिका की समीक्षा की जाएगी। बोर्ड ने कहा है कि जांच के बाद जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई पर निर्णय किया जाएगा।

संबंधित खबरें

लेखक के बारे में

Harshit Picture

हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।

नवीनतम

13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद आई ए एस दिव्या मित्तल का इस्तीफा, यूपी के कई जिलों में छोड़ी कार्यशैली की छाप

देवरिया। 2013 बैच की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब 13 वर्षों की प्रशासनिक सेवा के बाद अपनी नौकरी...
उत्तर प्रदेश 
13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद आई ए एस दिव्या मित्तल का इस्तीफा, यूपी के कई जिलों में छोड़ी कार्यशैली की छाप