UP चुनाव 2027: NDA के साथ उतरेगी BJP, नितिन नवीन बोले- 2017 जैसी जीत दोहराएंगे
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने साफ कर दिया है कि वह अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के बैनर तले चुनाव लड़ेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को लखनऊ में NDA सहयोगियों और पार्टी नेताओं के साथ बैठक के बाद कहा कि गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा और 2017 जैसी ऐतिहासिक जीत दोहराने का लक्ष्य रखेगा।
नितिन नवीन ने कहा कि बीजेपी अपने दम पर चुनाव लड़ने में सक्षम है, लेकिन NDA की एकजुटता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों के आधार पर गठबंधन 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगा।
बैठकों में 2027 की रणनीति पर मंथन
NDA सहयोगियों से मुलाकात से पहले नितिन नवीन ने बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ भी बैठक की। इन बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सहयोगी दलों के साथ बेहतर तालमेल और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार और संगठन मिलकर 2017 के प्रदर्शन को दोहराने और उससे भी बड़ी जीत हासिल करने के लक्ष्य पर काम करेंगे। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और सुरक्षा चाहती है, न कि गुंडाराज और परिवारवाद।
2017 की जीत को बनाया लक्ष्य
बीजेपी नेताओं ने बार-बार 2017 के विधानसभा चुनाव का जिक्र किया। उस चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA ने 403 में से 325 सीटें जीती थीं, जिनमें अकेले बीजेपी को 312 सीटें मिली थीं। वहीं 2022 में गठबंधन ने 273 सीटों के साथ दोबारा सरकार बनाई थी।
'जो सीट जिताने में सक्षम, टिकट उसी को'
NDA सहयोगी दलों ने भी गठबंधन की एकजुटता पर भरोसा जताया। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के नेता त्रिलोक त्यागी ने कहा कि गठबंधन का फॉर्मूला साफ है—जिस सीट पर जो उम्मीदवार जीतने की सबसे अधिक क्षमता रखता होगा, टिकट उसी को दिया जाएगा।
वहीं निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा कि फिलहाल सीट बंटवारे पर नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई है। अपना दल (सोनेलाल) के नेता आशीष पटेल ने भी कहा कि 2027 के चुनाव में सहयोगी दल पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरेंगे।
https://twitter.com/NitinNabin/status/2073688335177130242?s=20
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गर्गी विश्वकर्मा वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़ी हैं और डिजिटल डिप्टी चीफ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। वह डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्पष्ट, तथ्यपरक और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करती हैं।
