लखनऊ में नहर के रेगुलेटर में मिले दो शव, एक के हाथ पर ‘महाकाल’ का टैटू
कनौसी पुल के पास बरामद हुए दोनों शव, मृतकों की नहीं हो सकी पहचान
सोमवार रात दो युवकों के नहर में कूदने की सूचना से जुड़ रहे तार
लखनऊ। राजधानी के मानकनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कनौसी पुल के पास नहर के रेगुलेटर में दो पुरुषों के शव फंसे मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे कनौसी पुल के पास नहर के रेगुलेटर में दो शव दिखाई देने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को बाहर निकलवाया। मृतकों में एक की उम्र करीब 40 वर्ष और दूसरे की करीब 20 वर्ष बताई जा रही है।
एक युवक के हाथ पर ‘महाकाल’ का टैटू
करीब 20 वर्षीय युवक के दाहिने हाथ पर ‘महाकाल’ लिखा हुआ टैटू बना मिला है। पुलिस इसी निशान को पहचान का अहम आधार मानते हुए मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी है। आसपास के थानों से संपर्क करने के साथ ही अन्य माध्यमों से भी दोनों शवों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
सोमवार रात दो युवकों के नहर में कूदने की सूचना
इस घटना को सोमवार देर रात नहर में दो युवकों के कूदने की सूचना से भी जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात एक युवक के नहर में कूदने की सूचना मिलने के बाद करीब 24 घंटे तक एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। हालांकि, युवक का पता नहीं चल सका था।
मानकनगर थाना प्रभारी अजीत सिंह के मुताबिक, नहर में युवकों के गिरने की सूचना देने वाला रविकांत मौर्य कथित तौर पर शराब के नशे में था। उसके नशे में होने के कारण पुलिस ने सूचना की विश्वसनीयता पर भी संदेह जताया था। बताया गया कि जिन दो युवकों के नहर में गिरने की बात कही गई थी, उनके भी नशे में होने की जानकारी दी गई थी।
हालांकि, बुधवार सुबह नहर के रेगुलेटर से दो शव मिलने के बाद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बरामद दोनों शव उन्हीं युवकों के हैं, जिनके नहर में गिरने की सूचना दी गई थी।
पुलिस ने दोनों शवों को नियमानुसार मोर्चरी भेज दिया है। मृतकों की पहचान और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
