महोबा में बारिश बनी काल, मकान गिरने से बुजुर्ग दंपति की मौत
महोबा में मूसलाधार बारिश का कहर
- पुलिस ने ग्रामीणों के साथ रेस्क्यू कर मलबे में दबे लोगों को निकाला बाहर
महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में लगातार हो रही तेज मूसलाधार बारिश के कारण श्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक पक्का मकान बीती रात मंगलवार को भरभरा कर ढह गया। इस हादसे में मलबे में दबकर बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई, जबकि कई लोग दबकर घायल हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ रेस्क्यू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। बुधवार को पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम भेजते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
श्रीनगर थाना क्षेत्र के सिजहरी गांव निवासी चतुर्भुज (80) का पक्का मकान बारिश के कारण अचानक ढह गया। हादसे के वक्त मकान के एक हिस्से में पत्नी बुधिया के साथ सो रहे दंपति मलबे के नीचे दब गए। मकान के दूसरे हिस्से में सो रहे उनके बेटे, बहू और 05 साल की नातिन बाल-बाल बच गए, हालांकि मासूम बच्ची को मामूली चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
चरखारी क्षेत्राधिकारी दीपक दुबे ने बताया कि थाना श्रीनगर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम सिजहरी में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण मंगलवार की रात एक मकान गिर गया, जिससे उसमें मौजूद बुजुर्ग दंपति चतुर्भुज तथा उनकी पत्नी बुधिया मलबे में दब गए।
सूचना प्राप्त होते ही थाना पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य करते हुए दोनों को मलबे से बाहर निकाला तथा एम्बुलेंस की सहायता से उपचार के लिए जिला अस्पताल महोबा भिजवाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की दुःखद मृत्यु हो गई। वहीं मलबे में दबे अन्य चार व्यक्तियों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया है। प्रकरण में पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर से आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
