स्कूल जा रहे बच्चों के लिए काल बनी दीवार, दबकर दो बच्चों की मौत
तीन बच्चे घायल
मनोज शर्मा
- एक ही परिवार के भाई-बहन समेत दो बच्चों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
रामसनेहीघाट/बाराबंकी। गुरुवार की सुबह विद्यालय जा रहे बच्चों पर रास्ते की पक्की दीवार काल बनकर भरभराकर गिरी पांच बच्चे नीचे दब गए वही दो भाई बहनों की मौके पर ही मौत हो गई मौत की सूचना पर पूरे गांव में कोहराम मच गया।
दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के चौकी अलियाबाद अंतर्गत गुलचप्पा कलां गांव में गुरुवार सुबह उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब स्कूल जा रहे पांच बच्चों के ऊपर अचानक एक जर्जर ईंट की दीवार गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के भाई-बहन समेत दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह गांव के पांच बच्चे रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। बच्चे गांव की एक संकरी गली से गुजर रहे थे, तभी रास्ते में स्थित वर्षों पुरानी जर्जर ईंट की दीवार अचानक ढह गई। दीवार के मलबे में पांचों बच्चे दब गए। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। दीवार गिरने की आवाज और बच्चों की चीख पुकार सुनकर आसपास के सैकड़ों लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में गुलचप्पा कलां गांव निवासी मुस्लिम के 7 वर्षीय पुत्र हुजैफा और 14 वर्षीय पुत्री हजरा बानो की मौत हो गई। जबकि उसी गांव के ही सलमान के आठ वर्षीय पुत्र हस्सान और चार वर्षीय पुत्री हानिया तथा अब्दुल मन्नान के 14 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अदनान गंभीर घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि हादसे वाली दीवार काफी समय से जर्जर हालत में थी। लगातार बारिश के कारण उसकी स्थिति और कमजोर हो गई थी। ग्रामीणों के मुताबिक दीवार को गिराने और उसकी मरम्मत कराने के लिए कई बार मकान मालिक से कहा गया था, लेकिन उसने इस ओर ध्यान नहीं दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नाराजगी है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल धर्मेंद्र कुमार एसडीएम बृजेंद्र उपाध्याय नायब, तहसीलदार सुधाकर पांडेय के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों मृत बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में यदि किसी व्यक्ति की लापरवाही या जिम्मेदारी सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
