यूपी डीजीपी राजीव कृष्ण के पिता हरिकिशन मित्तल का निधन
सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण के पिता एवं उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता हरिकिशन मित्तल का 5 अगस्तको 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से प्रशासनिक, अभियंत्रण जगत और समाज में शोक की लहर दौड़ गई।
हरिकिशन मित्तल का जन्म वर्ष 1938 में मेरठ जनपद में हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा भी मेरठ में ही हुई। वर्ष 1957 में उन्होंने रुड़की से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की और वर्ष 1960 में शिक्षा पूरी करने के बाद उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग में अभियंता के रूप में सेवाएं शुरू कीं।
अपने लंबे सेवाकाल के दौरान हरिकिशन मित्तल ने सिंचाई और जलविद्युत क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में योगदान दिया। कालागढ़ डैम परियोजना, पीलीभीत-बनबसा बाइफरकेशन परियोजना और टिहरी पावर हाउस परियोजना में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही। अपनी तकनीकी दक्षता, ईमानदारी और कार्यकुशलता के चलते उन्होंने विभाग में अलग पहचान बनाई और वर्ष 1996 में मुख्य अभियंता, सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश के पद से सेवानिवृत्त हुए।
सेवानिवृत्ति के बाद वह लखनऊ के आशियाना क्षेत्र स्थित अपने आवास पर रह रहे थे। सरल, अनुशासित और सादगीपूर्ण जीवन के कारण वह अपने सहकर्मियों, मित्रों और परिचितों के बीच काफी सम्मानित थे। सार्वजनिक सेवा के प्रति उनका समर्पण और उच्च नैतिक मूल्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत रहे।
हरिकिशन मित्तल के निधन की सूचना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित उनके आवास पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने डीजीपी राजीव कृष्ण और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
हरिकिशन मित्तल अपने पीछे दो पुत्रों—संजीव मित्तल और राजीव कृष्ण तथा पुत्री सीमा गर्ग सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर प्रशासनिक अधिकारियों, अभियंताओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने शोक व्यक्त किया।
स्वर्गीय हरिकिशन मित्तल का जीवन ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, सादगी और लोकसेवा के मूल्यों का प्रतीक रहा। अभियंत्रण क्षेत्र और समाज के प्रति उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
