जीएसटी की विसंगतियों को लेकर व्यापारियों ने वित्त मंत्री को भेजा ज्ञापनः आन्दोलन की चेतावनी
जीएसटी के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं-हरि मूर्ति सिंह ‘मनोज’
बस्ती - मंगलवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बस्ती मण्डल अध्यक्ष हरि मूर्ति सिंह ‘मनोज’ के नेतृत्व में जीएसटी व्यवस्था में व्याप्त विसंगतियों और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर आयुक्त उपेन्द्र यादव के माध्यम से केन्द्रीय वित्त मंत्री को ज्ञापन भेजा। संगठन ने मांगों का शीघ्र समाधान न होने पर आन्दोलन की चेतावनी दिया।ज्ञापन में कहा गया कि जीएसटी विभाग के कुछ अधिकारी तकनीकी त्रुटियों एवं मानवीय भूलों को आधार बनाकर व्यापारियों पर अनावश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। पर्याप्त कर जमा होने के बावजूद जुर्माना लगाने से व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।
ज्ञापन देने के बाद हरि मूर्ति सिंह ‘मनोज’ ने कहा कि सचल दलों का उद्देश्य कर चोरी रोकना है, न कि ईमानदारी से कर जमा करने वाले व्यापारियों को छोटी-छोटी कमियों के आधार पर परेशान करना। उन्होंने ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
जिला संगठन महामंत्री ’’भरत राम अग्रहरी ‘बबलू’ ने कहा कि 40 लाख रुपये तक के वार्षिक कारोबार वाले व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण से छूट होने के बावजूद विभागीय अधिकारी छोटे व्यापारियों पर पंजीकरण कराने का दबाव बना रहे हैं। युवा जिला अध्यक्ष ’’कुलदीप श्रीवास्तव’’ ने एसआईबी जांच के दौरान जांच पूरी होने से पहले कर जमा कराने के दबाव को अनुचित बताया।
नगर अध्यक्ष ’’राणा महेंद्र प्रताप’’ ने जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के लिए 10 लाख के बीमा की मांग की। उद्योग मंच के जिला अध्यक्ष ’’कमलेश चौधरी’’ ने पंजीकृत व्यापारियों को डिजिटल कार्यों के लिए लैपटॉप एवं आवश्यक सॉफ्टवेयर निःशुल्क उपलब्ध कराने की मांग उठाई। जिला उपाध्यक्ष ’’महेंद्र गुप्ता’’ ने विलंब से जीएसटी भुगतान पर लगने वाले 18 प्रतिशत ब्याज को घटाकर 6 प्रतिशत करने की मांग की।
युवा जिला महामंत्री सत्य प्रकाश दुबे ने जीएसटी अधिनियम में जेल की सजा समाप्त कर केवल आर्थिक दंड का प्रावधान रखने की बात कही। युवा जिला संगठन महामंत्री ’’संजय सिंह’’ ने तैयार तंबाकू एवं तंबाकू पत्ते पर जीएसटी दरों की विषमता समाप्त करने की मांग की।
महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष वंदना वर्मा ने अतिरिक्त आईटीसी एवं जीएसटी रिफंड को रिटर्न दाखिल होने के बाद स्वतः व्यापारी के खाते में भेजने तथा विलंब होने पर ब्याज देने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष आकाश सोनी, अवधेश निषाद नगर मंत्री, संजय गुप्ता नगर संगठन मंत्री, सत्यम सिंह जिला महामंत्री, उद्योग मंच प्रवीण सिंह मंत्री, बस्ती मंडल, कमलेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
