बरेली : निर्माणाधीन हाईवे पर कैंटर से भिड़ी स्कॉर्पियो, हादसे में पंजाब के तीन लोगों की मौत
स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन हाईवे पर गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कार्पियो सवार सभी लोग पंजाब जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे ऑक्सीजन सिलेंडर से भरे कैंटर से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के अनुसार, लखीमपुर खीरी के पलिया निवासी मुकंद सिंह अपनी पत्नी भूपेंद्र कौर के साथ रिश्तेदार संतोख सिंह, लाडी सिंह और हरजीत सिंह को लेकर स्कॉर्पियो से पंजाब जा रहे थे। सभी लोग रिश्तेदारी से लौट रहे थे। इनायतपुर के पास निर्माणाधीन हाईवे पर सामने से आ रहे कैंटर से उनकी गाड़ी की सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसे में भूपेंद्र कौर, हरजीत सिंह (60), निवासी जिला फतेहगढ़, पंजाब और संतोख सिंह (65)निवासी माछीवाड़ा, जिला लुधियाना, पंजाब की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि लाडी सिंह और मुकंद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक की हालत नाजुक होने पर बरेली रेफर कर दिया गया। इस भीषण हादसे में स्कॉर्पियो चालक को मामूली चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य कर घायलों को अस्पताल भिजवाया और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा निर्माणाधीन वनवे मार्ग पर हुआ है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कराई जा रही है। हाईवे पर निर्माण कार्य वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की भी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि रात के समय हाईवे पर पुलिस टीमें विशेष अभियान चलाकर वाहन चालकों को सतर्कता, निर्धारित गति सीमा और वनवे व्यवस्था का पालन करने के लिए जागरूक करेंगी, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। समाचार लिखे जाने तक परिजन मौके पर नहीं पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और निर्माणाधीन हाईवे की परिस्थितियों को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
