दुबई में रह रहे पति ने रिश्ता तोड़ने की कही बात, नाराज हाेकर विवाहिता मोबाइल टावर पर चढ़ी
- चार घंटे चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद सुरक्षित नीचे उतारा गया
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के कछवां थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पति से विवाद के बाद एक विवाहिता मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब चार घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान टावर के नीचे ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की घंटों की मशक्कत के बाद महिला को सकुशल नीचे उतारा गया।
बताया गया कि विवाहिता अंजलि का पति दुबई में रहता है। कई दिनों से वह पति से फोन पर संपर्क करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो रही थी। आरोप है कि बार-बार फोन करने पर पति ने उससे रिश्ता नहीं रखने और मायके चले जाने की बात कह दी। इससे आहत होकर अंजलि मोबाइल टावर पर चढ़ गई और जान देने की कोशिश करने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही कछवां पुलिस, सीओ सदर और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के साथ ग्रामीणों ने भी महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी देर तक किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुई। अंततः थाना प्रभारी अमरजीत चौहान और पुलिस टीम के लगातार समझाने-बुझाने पर महिला सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस विवाहिता को थाने ले गई, जहां दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर बातचीत कराई जा रही है। थाना प्रभारी अमरजीत चौहान ने बताया कि महिला को सकुशल नीचे उतार लिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई के साथ पारिवारिक विवाद का समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
