चलती सड़क पर मोबाइल स्नैचिंग करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, छीना गया फोन और बाइक बरामद
लखनऊ। राजधानी लखनऊ की मोहनलालगंज थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, सिम कार्ड और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई।
राह चलते युवक से छीना था मोबाइल
पुलिस के अनुसार, उन्नाव निवासी विवेक शुक्ला, जो वर्तमान में भागूखेड़ा क्षेत्र में रह रहे हैं, ने 1 अगस्त को मोहनलालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को वह सड़क पर मोबाइल फोन पर बात करते हुए जा रहे थे। इसी दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित कीं। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की।
घेराबंदी कर तीनों आरोपी दबोचे
जांच के दौरान पुलिस ने विशाल, आरजू और अनुज को सैयद बाबा मोड़ के पास नहर पटरी मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से छीना गया मोबाइल फोन, सिम कार्ड और घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में कबूला अपराध
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाली रात वे तीनों मोटरसाइकिल से घूम रहे थे। रास्ते में एक युवक को मोबाइल पर बात करते देख उन्होंने उसका फोन छीनने की योजना बनाई। पीछे बैठे आरोपी ने मोबाइल झपट लिया और तीनों नहर पटरी के रास्ते फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, छीना गया मोबाइल विशाल के पास था, जबकि उसमें लगी सिम आरजू ने अपने पास रख ली थी।
एक आरोपी पर पहले से भी मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आरजू के खिलाफ पहले से भी सुशांत गोल्फ सिटी थाने में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस तीनों आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
बरामदगी
01 मोबाइल फोन
01 सिम कार्ड
घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
