स्ट्रीट लाइट बंद होने से हुआ हादसा, दो दोस्तों की मौत से परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
पुलिस बाइक की रफ्तार और सड़क की स्थिति की जांच कर रही
रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम शहर के करमदी रोड फोरलेन पर रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से करमदी गांव से रतलाम लौट रहे थे।
रास्ते में एचपी पेट्रोल पंप के पास अंधेरे में उनकी बाइक डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर खून बिखर गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसा रात करीब 10 बजे करमदी फोरलेन स्थित एचपी पेट्रोल पंप के समीप हुआ। पुलिस के अनुसार लक्ष्मीनगर निवासी केशव (20) पुत्र नूतन परिहार अपने दोस्त शोएब उर्फ शाहिद (25) पुत्र राजा के साथ बाइक से करमदी से रतलाम लौट रहा था।
दोनों जैसे ही पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, वहां स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण सड़क पर अंधेरा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
सिर में गंभीर चोट और अंदरूनी रक्तस्राव के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी।
पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आज सोमवार सुबह दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय दोनों के साथ उनका एक अन्य दोस्त धर्मेंद्र राठौर भी था। करमदी से तीनों एक ही बाइक पर निकले थे।
रास्ते में धर्मेंद्र एचपी पेट्रोल पंप पर कार्यरत अपने एक परिचित से मिलने के लिए उतर गया। कुछ ही देर बाद उसे हादसे की सूचना मिली। यदि वह बाइक पर साथ होता तो हादसे का शिकार हो सकता था।
दोनों परिवारों का था इकलौता सहारा
मृतक केशव डेकोरेशन का काम करता था। उसके पिता नूतन परिहार फूलमंडी में चाय की दुकान संचालित करते हैं। वहीं शोएब उर्फ शाहिद शहर के एक आइसक्रीम पार्लर में काम करता था।
उसके पिता राजा डाट की पुल क्षेत्र में फल का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। दोनों युवकों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और मोहल्ले में शोक का माहौल है।
स्ट्रीट लाइट बंद होने की भी होगी जांच
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय सड़क की स्ट्रीट लाइट बंद थी, जिससे पूरे क्षेत्र में अंधेरा था। आशंका है कि इसी कारण चालक को डिवाइडर दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे उससे टकरा गई।
माणकचौक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे में स्ट्रीट लाइट बंद होना कितना जिम्मेदार था और बाइक की गति कितनी थी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
