विधानसभा का मानसून सत्र 3 से, अनुपूरक बजट चार को
लिंक एक्सप्रेस-वे, स्कूटी योजना को मिलेगी गति, हंगामे के आसार
लखनऊ। विधानसभा का चार दिवसीय मानसून सत्र 3 अगस्त से आरंभ होने जा रहा है। इस सत्र में 4 को पेश होने वाले अनुपूरक बजट में बुनियादी ढांचे और जनकल्याण योजनाओं पर फोकस रहेगा। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश सरकार कुछ लोकलुभावन और कुछ नई योजनाओं की घोषणा एवं पुराने वादों को पूरा करने के लिए धन आवंटित कर सकती है।
विधानसभा के पहले दिन 3 अगस्त को दिवंगत सदस्यों की श्रद्धाजंलि अर्पित की जायेगी। चार को अनुपूरक बजट पेश किया जायेगा जिसका आकार 50,000 करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है। पांच को विधायी एवं अन्य सरकारी कार्य तथा विधेयकों को पेश कर पारित कराया जायेगा। 6 अगस्त को सत्र के अंतिम दिन अनुदान मांगों पर चर्चा तथा इसका पारण होगा। इस सत्र से एक दिन पूर्व 2 अगस्त को कार्यमंत्रण समिति की बैठक होगी जिसमें नेता सदन एव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय एवं सभी दलों के नेता मौजूद रहेंगे। इस अनुपूरक बजट में प्रदेश की तीन नए लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए धन आवंटन हो सकता है। इसमें फरुर्खाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे, आगरा-लखनऊ और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य शामिल है। साथ ही मौजूद एक्सप्रेस-वे की मरम्मत, रखरखाव, सड़क निर्माण परियोजनाओं के विस्तार के लिए अनुपूरक में व्यवस्था की जाएगी।
आम चुनाव से पहले राज्य सरकार स्कूटी योजना को रफ्तार देगी। हाल ही में कैबिनेट ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना की मंजूरी दे दी है। फरवरी में पेश किए गए 9.12 लाख करोड़ रुपये के मूल बजट में भी सरकार ने अवसंरचना, रोजगार और स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी थी। सूत्रों के अनुसार अनुपूरक बजट विधानसभा चुनाव से पहले सरकार के विकास एजेंडे की दिशा तय करेगा। सरकार की कोशिश संकल्प पत्र के बचे वादों को जमीन पर उतारने की होगी।
यह भी कयास लगाये जा रहे है कि यह संसद की तरह यहां भी यह सत्र हगामेंदार होने के आसार है। विपक्षी दल इस सत्र में राम मंदिर में चंदा चोरी, जौहर विश्व विघालय गिराने के आदेश, कानून व्यवस्था, संभल मेंकर्रवाई, भ्रष्टाचार, मंहगाई, बेरोजगारी एवं किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरने का काम करेंगे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश कुमार सिंह को पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह हिंदी दैनिक ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। राजनीतिक, प्रशासनिक और शासन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ है।
