बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत
बांदा। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक अमावस्या के अवसर पर चित्रकूट जा रहे थे। दुर्घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान संजय पुत्र रामकृपाल (30 वर्ष), रामबाबू पुत्र रामकुमार पटेल (35 वर्ष) और अरविंद पुत्र लालवा रैकवार (35 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के कोरारी गांव के निवासी थे।
बताया गया है कि रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि करीब 12:10 बजे तीनों युवक एक ही बाइक से चित्रकूट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये खबर भी पढ़े : सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने या 'दबंगई' दिखाने वाले असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर:डीजीपी हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे घायल को उपचार के लिए बदौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सीओ यातायात सौरभ सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज गति और बाइक का अनियंत्रित होना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे दुर्घटना में गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने बताया कि जिस अज्ञात वाहन से बाइक की टक्कर हुई, उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए एक्सप्रेसवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। वाहन चालक की तलाश भी जारी है।
सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। घटना से मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
