संत कबीर नगर)। अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/जिला जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के सफल संचालन की दृष्टिगत प्रशिक्षण दो दिवसीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन ऑपरेटर एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को पीपीटी के माध्यम से विगत दिवस कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण दिया गया।
अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में जनसंख्या गणना कार्य से संबंधित समस्त अधिकारियों/कार्मिकों/ऑपरेटर्स को निर्देशित किया गया कि भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण यानि 'जनसंख्या गणना' (Population Enumeration) के सुचारू एवं सफल संचालन हेतु
पूरी तन्मयता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनगणना कार्य सफल बनाना सुनिश्चित करें।
आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में प्रशिक्षक सुजीत कुमार द्वारा बिंदुवार प्रत्येक स्तर पर ऑनलाइन फीड की जाने वाली गतिविधियों एवं जानकारी सहित समस्त पहलुओं पर बारीकी से प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के तहत कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसमें पहली बार भारत में अनुसूचित जातियों (SC) और अनुसूचित जनजातियों (ST) के अलावा अन्य जातियों की गणना (जातिगत आंकड़े) भी शामिल होगी। उन्होंने बताया कि यह भारत की पहली पूरी तरह से डिजिटल जनगणना होगी जिसमें मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा।
जनसंख्या गणना हेतु निर्धारित तिथियों एवं अवधि का उल्लेख करते हुए बताया गया कि दूसरे चरण के तहत स्व-गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक और मुख्य जनसंख्या गणना 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 के बीच आयोजित की जाएगी। दिनांक 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक रिविजनल राउंड चलाया जाएगा।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारियों सहित जनसंख्या गणना से संबंधित अधिकारी/कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।