वृंदावन में निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरी, तीन मजदूरों की मौत
चौथी मंजिल पर लेंटर डालने के दौरान हुआ हादसा, एक मजदूर की हालत गंभीर, आगरा रेफर
मथुरा। कोतवाली वृंदावन क्षेत्र के वृंदावन रुक्मिणी विहार गोल चक्कर के पास स्थित ओमेक्स के निर्माणाधीन मॉल में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। चौथी मंजिल पर लेंटर डालने के दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर नीचे आ गिरी। हादसे के समय घटनास्थल पर काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कुल चार मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। नेपाल निवासी शिवराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पश्चिम बंगाल के रहने वाले आलम और रफीक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मलबे में दबे चौथे मजदूर दिलदार (पश्चिम बंगाल) की हालत नाजुक है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया, हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों को तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। दमकल विभाग के गहन सर्च ऑपरेशन के बाद यह पुष्टि कर ली गई है कि अब मलबे में कोई अन्य मजदूर नहीं फंसा है। मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और मामले की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि परिजनों से लिखित तहरीर प्राप्त होते ही कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, इस भयावह घटना ने निर्माणाधीन स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
