गोंडा में यूरिया को लेकर अफवाह, कृषि विभाग बोला- स्टॉक पर्याप्त- लाइन न लगाएं किसान
यूरिया की अफवाह फैलने से लगी किसानों की लंबी कतार
उमेश श्रीवास्तव
- कृषि विभाग ने किसानों को दी जानकारी यूरिया की नहीं है कोई कमी
अलावल देवरिया (गोंडा)। गोंडा जिले में यूरिया खाद के लिए किसानों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। अफवाहों के चलते किसान सुबह से ही साधन सहकारी समितियों पर जमा हो जा रहे हैं। इसे देखते हुए जिला कृषि विभाग ने शनिवार दोपहर आधिकारिक आंकड़े जारी कर स्थिति साफ की है।
कृषि विभाग के अनुसार जिले में यूरिया की कोई कमी नहीं है। शनिवार दोपहर 1 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक साधन सहकारी समितियों पर 1144 मीट्रिक टन और निजी दुकानों पर 12477 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। इसका वितरण लगातार किया जा रहा है। विभाग ने बताया कि शनिवार दोपहर 12 बजे एचयूआरएल (HURL) की 1228 मीट्रिक टन यूरिया की एक और खेप गोंडा पहुंच चुकी है। इस खेप को जिले के 16 विकासखंडों की 117 दुकानों पर भेजा जा रहा है। इसके बाद जिले में कुल 3649 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध हो जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि रविवार को इफको की 1589 मीट्रिक टन यूरिया और आने वाली है। इसे सहकारी समितियों के माध्यम से वितरित किया जाएगा। इसके बाद जिले में कुल यूरिया का स्टॉक 5238 मीट्रिक टन तक पहुंच जाएगा। श्री सिंह ने कहा क्षमता से अधिक यूरिया उपलब्ध है। किसान किसी भी अफवाह में न आएं। उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद मिलेगी।
लगातार नई खेप जिले में पहुंच रही है। इसलिए किसान बेवजह सुबह से शाम तक लाइन लगाकर परेशान न हों। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। स्टॉक पर्याप्त है और सभी केंद्रों पर वितरण सुचारू रूप से चल रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
