लखनऊ एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, 163 यात्रियों सवार फ्लाइट से टकराया पक्षी, दहशत
दुबई से लखनऊ आ रही थी फ्लाइट
- पायलट ने कराई सुरक्षित लैंडिंग
लखनऊ। शनिवार दुबई से लखनऊ आ रही फ्लाई दुबई की उड़ान से पक्षी टकरा गया। विमान एयरपोर्ट पर लैंड करने वाला था। हालांकि, हादसा टल गया। पक्षी टकराने से विमान में सवार यात्री दहशत में आ गए। पायलट ने विमान की एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करवाई।
जानकारी के मुताबिक फ्लाई दुबई एयरलाइन के विमान संख्या एफडी-443 का है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार विमान निर्धारित समय के अनुसार सुबह 6:35 बजे लखनऊ लैंड करता है लेकिन शनिवार को यह उड़ान देरी की शिकार हुई और लखनऊ पहुंचने वाली थी। विमान में 163 यात्री सवार थे। इसी बीच लखनऊ एयरपोर्ट के नजदीक पहुंचने पर विमान से अचानक एक पक्षी टकरा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराने का निर्णय लिया। इससे पूर्व एयर ट्रैफिक कंट्रोलर एटीसी को सूचित कर लैंडिंग की अनुमति मांगी गई जिसके मिलने पर विमान को सुबह 7:13 बजे सकुशल एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। पायलट की तत्परता और कुशलता से बड़ा हादसा टल गया।
दूसरी ओर पक्षी टकराने की जानकारी मिलने पर विमान के यात्रियों में हड़कंप मच गया। वे दहशत में आ गए। हालांकि सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने राहत की सांस ली। इसके बाद इंजीनियरों की टीम को बुलाया गया और घटना के बाद विमान को रनवे से हटाकर पार्किंग वे में खड़ा किया गया, जहां इंजीनियरों की टीम ने तकनीकी जांच शुरू कर दी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
