मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद लूट का आरोपी गिरफ्तार
अवैध तमंचा, कारतूस तथा लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद
रामनाथ सिंह बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। थाना कोतवाली शहर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस तथा लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त को अशोक पुत्र डांगर सिंह निवासी जहानाबाद ने थाना कोतवाली शहर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात बदमाश उसकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UP20BY3398 और दो मोबाइल फोन लूट ले गए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
17 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त लूट की घटना में शामिल संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से चांदपुर की ओर से बिजनौर आ रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार रोकने का प्रयास करने पर आरोपी ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान देव पुत्र सतीश, निवासी ग्राम रेहड़ूवा, थाना कोतवाली शहर, जनपद बिजनौर के रूप में की है। उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और लूटी गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 12/13 अगस्त की रात करीब एक बजे उसने अपने अन्य साथियों के साथ ग्राम गंज और ग्राम शाहपुर के मध्य नहर के पास एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल छीनी थी। उक्त व्यक्ति के पास मौजूद दो मोबाइल फोन उसके साथियों ने अपने पास रख लिए थे।
पूछताछ के दौरान 5 अगस्त को विवेक कॉलेज के पास नूरपुर रोड पर हर्षित के ऊपर हुई फायरिंग के संबंध में भी आरोपी से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इस घटना में अपने साथ पृथ्वी पुत्र वरुण तथा एक अन्य लड़की के शामिल होने की बात बताई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लूट के मामले में धाराओं में वृद्धि करते हुए धारा 310(2)/317(2) बीएनएस की कार्रवाई की है। मुठभेड़ के संबंध में थाना कोतवाली शहर में धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली शहर में तीन मुकदमों का आपराधिक इतिहास भी बताया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी अवनीत मान, उपनिरीक्षक रोहित शाकुमार, उपनिरीक्षक संजीव कुमार समेत थाना कोतवाली शहर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
